प्रेम संबंध से सुपारी किलिंग तक, जिम ट्रेनर हत्याकांड में बड़ा खुलासा
बेंगलुरु के 35 वर्षीय जिम ट्रेनर विनोद कुमार की हत्या की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, यह मामला सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि कथित प्रेम संबंध, लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद और करोड़ों के कारोबारी से जुड़े आरोपों तक पहुंच गया है। जांच में दावा किया गया है कि विनोद की हत्या कथित तौर पर 25 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी ने जनवरी 2026 में पुलिस को शिकायत देकर दावा किया था कि एक रियल एस्टेट कारोबारी ने कथित प्रेम संबंध खत्म न करने पर विनोद को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच गुमशुदगी, घरेलू विवाद, मारपीट और तलाक से जुड़े कई मामले पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि इन घटनाओं की कड़ियां मौजूदा हत्याकांड से जुड़ती नजर आ रही हैं।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रियल एस्टेट कारोबारी तथा उसके कुछ सहयोगियों की कथित भूमिका सामने आई है, जबकि वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। हालांकि, संबंधित कारोबारी ने अदालत में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है और खुद को बेगुनाह बताया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
