May 12, 2026

सुविधा नहीं तो मानगो में क्यों बढ़ाया होल्डिंग टैक्स?

IMG-20260116-WA0000


नगर निगम की ढुलमूल कार्यप्रणाली के विरोध में जदयू का धरना

जमशेदपुर : जदयू ने मानगो नगर निगम की ढुलमूल कार्यप्रणाली पर गुरुवार को निगम कार्यालय पर धरना दिया. जदयू नेताओं ने चेतावनी दी है कि आनेवाले दिनों में अगर नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों में गति नहीं आई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे. पार्टी ने नागरिक सुविधाओं की बदहाली, होल्डिंग टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि, पेयजल संकट, साफ-सफाई, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट आदि की समस्याएं बताई.
पार्टी के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है. जब मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध ही नहीं हैं, तब कैसा टैक्स बढ़ाना? यह तो जनविरोधी कदम है. नालियां, सडक़ें टूटी हैं. नालियों से दूषित पानी सडक़ों पर आ रहा है, फिर होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का औचित्य क्या है? निगम क्षेत्र में कोई खेल का मैदान नहीं है. टाऊनहॉल तक मयस्सर नहीं. फॉगिंग,ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी लार्वा का छिडक़ाव अनियमित है. उन्होंने निगम कार्यालय के सामने समय सारिणी एवं कार्य से संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने हेतु नोटिस बोर्ड लगाने की मांग की. धरना के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के उप नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और नागरिक समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की. कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया. मौके पर पार्टी के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, पार्टी के युवा अध्यक्ष नीरज सिंह, विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह के अलावा मंजू सिंह, अमृता मिश्रा, कन्हैया ओझा, प्रेम सक्सेना, विकास साहनी, आकाश शाह, आफताब अहमद सिद्दिकी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.

You may have missed