April 19, 2026

विश्वदीप ने साझा किए अपने छात्र जीवन के अनुभव

IMG-20260301-WA0008

करीम सिटी कॉलेज में संवाद सत्र ‘रिकनेक्ट’ का आयोजन

जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग द्वारा शनिवार को ‘रिकनेक्ट’ का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय हिंदी फिल्म उद्योग के गीतकार विश्वदीप “ज़ीस्त” आमंत्रित वक्ता के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान विश्वदीप ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने करीम सिटी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की और कॉलेज के दिनों में बनाए गए प्रोजेक्ट्स ने उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने बताया कि किस प्रकार इम्तियाज़ अली और साजिद अली के मार्गदर्शन में उन्हें मुंबई में अपनी पहली फिल्म में काम करने का अवसर मिला.
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ तथा इस फिल्म के दौरान उन्हें विश्वप्रसिद्ध संगीत निर्देशक ए आर रहमान के साथ काम करने का सौभाग्य मिला, जिसे उन्होंने अपने करियर का अत्यंत महत्वपूर्ण अनुभव बताया.
उन्होंने गीत लेखन के क्षेत्र में अपने संघर्ष, रचनात्मक प्रक्रिया और अनुभवों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास, समर्पण और सृजनात्मकता का महत्व समझाया. इसके पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया. डॉ. तिवारी ने बताया कि कॉलेज के दिनों में वे विभिन्न प्रोजेक्ट्स और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा अपनी लेखन प्रतिभा के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते थे. कार्यक्रम में सैयद साजिद परवेज, डॉ. रश्मि कुमारी, सैयद शहज़ेब परवेज, शाज़िया और कई सेमेस्टर के मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थी उपस्थित थे. कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों ने फिल्म एवं गीत लेखन के क्षेत्र से जुड़ी अनेक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया.

You may have missed