देर रात लगी आग, राख हुआ पूरा फर्नीचर शोरूम
झारखंड के लोहरदगा जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक अगलगी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कुडू थाना क्षेत्र के कुंदों मोड़ स्थित एक फर्नीचर शोरूम सह गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक नुकसान काफी हो चुका था।
गोदाम में तैयार सोफा सेट, पलंग, कुर्सियां, डायनिंग टेबल, मशीनें और बड़ी मात्रा में फर्नीचर सामग्री रखी हुई थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ग्रामीणों के प्रयास भी नाकाम साबित हुए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब एक दर्जन सोफा सेट समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान मालिक ने पुलिस को दिए आवेदन में 10 से 15 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं कुडू थाना पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटे हैं, जबकि इस हादसे ने स्थानीय व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।
