June 29, 2026

शीर्षक: राज्यसभा में नए सांसदों की एंट्री, खड़गे ने ली शपथ

20260629038L

नई दिल्ली में सोमवार को राज्यसभा के आठ नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ लेकर संसद के उच्च सदन में अपने नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की। राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान संसद परिसर में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभापति के कक्ष में अलग से हिंदी में शपथ ली। शपथ के दौरान उनके हाथ में भारतीय संविधान की प्रति थी। इस अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। वहीं, अन्य सात सांसदों ने राज्यसभा के सदन में शपथ ग्रहण की।

शपथ लेने वाले अन्य सदस्यों में भाजपा के तरुण चुघ के अलावा गुजरात से जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया और मानसिंह मेरामन परमार, कर्नाटक से एम. नागराजा, महाराष्ट्र से राजेंद्र हीरालाल जैन, मणिपुर से अधिकारिमयुम शारदा देवी तथा राजस्थान से अलका सिंह शामिल हैं। सभी सांसदों का सभापति ने स्वागत करते हुए उन्हें सफल संसदीय कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता जे.पी. नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित रहे। नए सदस्यों के शामिल होने के साथ ही राज्यसभा की राजनीतिक तस्वीर में भी बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां आगामी संसदीय सत्रों में महत्वपूर्ण विधेयकों और राष्ट्रीय मुद्दों पर इन सांसदों की भूमिका अहम रहने की उम्मीद है।