सर्च न्यूज: सच के साथ: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल 1 जून से 4 जून 2026 तक भारत के दौरे पर रहेगा। इस चार दिवसीय बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित अंतरिम समझौते की बारीकियों को तय करना और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की दिशा में बातचीत को तेजी से आगे बढ़ाना है।
नई दिल्ली में होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण आर्थिक पहलुओं पर चर्चा होगी। मुख्य वार्ताकार बाजार पहुंच (Market Access), टैरिफ दरों में कमी, निवेश सहयोग और मोबिलिटी (Mobility) जैसे जटिल मुद्दों पर सहमति बनाने का प्रयास करेंगे ताकि समझौते के आधिकारिक दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया जा सके। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नए व्यापार समझौते के तहत भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी टैरिफ दरों को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना सुनिश्चित हुआ है। भारत ने 18% टैरिफ के जरिए अपने प्रमुख निर्यात हितों, जैसे कपड़ा, रत्न, आभूषण और फार्मास्यूटिकल्स की रक्षा की है, जिससे वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया है कि दोनों देश समझौते के “अंतिम विवरणों” पर काम कर रहे हैं और अगले कुछ हफ्तों में इस पर आधिकारिक मुहर लग सकती है। भारत के वाणिज्य सचिव ने भी संकेत दिया है कि 24 जुलाई 2026 से पहले यह समझौता पक्का हो सकता है, जो दोनों देशों के पारस्परिक आर्थिक हितों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।