भाजपाइयों का विरोध, उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आदेश वापस लेने की मांग
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के खिलाफ शनिवार को भाजपा ने विरोध दर्ज कराया. भाजपा मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय एवं उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नई टैक्स गणना व्यवस्था आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डालनेवाली है. इसका सीधा असर मानगो क्षेत्र के हजारों परिवारों पर पड़ेगा. भाजपा नेताओं ने इसे आम जनता के साथ अन्याय और आर्थिक शोषण करार दिया. भाजपा ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई बढ़ोतरी को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए. जबतक क्षेत्र में पानी, सडक़, साफ-सफाई और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं होता, तबतक किसी भी प्रकार की टैक्स वृद्धि नहीं की जानी चाहिए. मौके पर पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, व्यवसाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, राजीव सिंह, रेणु सिन्हा, संध्या सिंह, वार्ड सदस्य सुशीला शर्मा, राजू प्रजापति, गंगा साहू, अशोक चौहान, पुरुषोत्तम मिश्रा, राजीव सिंह बबलू, सुनील सिंह समेत कई वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
होल्डिंग टैक्स की बढ़ोतरी आम जनता पर आर्थिक बोझ
राज्य के सभी नगर निगमों सहित मानगो नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स में की गई बढ़ोतरी के निर्णय का जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने विरोध किया है. उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने वाला है और पूरी तरह जनविरोधी है. श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की स्थिति अत्यंत दयनीय है. यहां की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है. उन्होंने कहा कि एक ओर जहां जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, वहीं दूसरी ओर होल्डिंग टैक्स बढ़ाकर सरकार जनता के जख्मों पर नमक छिडक़ने का काम कर रही है.