Jamshedpur Khalsa Premier League : करण की जर्बदस्त पारी : 26 गेंदों में बनाये 100 रन, बने मैन ऑफ द मैच
जुगसलाई सिंग्स इलेवन और खालसा वारियर्स इलेवन सेमीफाइनल में, को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में फाइनल रविवार को
जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में चल रहे खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) में शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए. करण की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत टिनप्लेट सुपर किंग्स ने फाइनल में जगह बना ली, जबकि जुगसलाई सिंग्स इलेवन और खालसा वारियर्स इलेवन ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. कल, रविवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर एवं जेएससीए के महासचिव सौरव तिवारी मुख्य अतिथि होंगे. पहले मुकाबले में जुगसलाई सिंग्स इलेवन ने गत विजेता गबरू टीम को 6 विकेट से हराया. गबरू ने 8 ओवर में 69 रन बनाए, जवाब में जुगसलाई ने 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. तरनदीप को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरे मैच में खालसा वारियर्स इलेवन ने खालसा क्रिकेट क्लब (कोलकाता) को 19 रन से हराया. वारियर्स ने 115 रन बनाए, जबकि कोलकाता की टीम 96 रन ही बना सकी. मनप्रीत को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच मिला. सेमीफाइनल में टिनप्लेट सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 85 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टिनप्लेट ने 173 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. करण ने सिर्फ 26 गेंदों में 12 छक्कों के साथ 100 रन की धमाकेदार पारी खेली. जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम 88 रन ही बना सकी. करण को उनकी शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. अब सभी की निगाहें कल, रविवार को होनेवाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.
