सडक़ दुर्घटना में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचानेवाले तीन गुड समारिटन को मिला नगद व प्रशस्ति पत्र
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में यातायात एवं सडक़ सुरक्षा से संबंधित बैठक हुई. समीक्षा के क्रम में मार्च माह में हुई 48 सडक़ दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई. दुर्घटना के कारणों की समीक्षा में यह बात सामने आई कि चालकों की लापरवाही एवं यातायात नियमों का अनुपालन नहीं करने के कारण ज्यादा दुर्घटनाएं हुई है. गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी हादसों के प्रमुख कारण रहे हैं. लापरवाही से वाहन चलानेवाले चालकों पर जुर्माना के साथ-साथ लाइसेंस रद्द करने, यात्री वाहनों, मालवाहक वाहन तथा स्कूल वैन पर ओवरलोडिंग करने एवं सडक़ में जहां तहां रोक कर सवारी उतारने-चढ़ाने के मामले पर वाहन मालिकों की जिम्मेवारी तय करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
हिट एंड रन मामलों में प्रभावित परिजनों को मिलनेवाली मुआवजा के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. सडक़ दुर्घटना में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन गुड समारिटन अनुज कुमार सिंह (मुसाबनी थाना प्रभारी), रामदेव हेम्ब्रम (मुसाबनी) एवं बागुन केराई (चाकुलिया) को 2-2 हजार नगद एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी संतोष गर्ग, एडीएम राहुल जी आनंद जी, डीटीओ धनंजय व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे.