April 28, 2026

Jamshedpur Danfit International Ka Programme : ‘विश्व नृत्य दिवस समारोह’ में शास्त्रीय नृत्यों की शानदार प्रस्तुति

IMG-20260428-WA0001

डैनफिट इंटरनेशनल का आयोजन, कोलकाता व दुर्गापुर से पहुंचे कलाकार

जमशेदपुर : सांस्कृतिक संस्था डैनफिट इंटरनेशनल द्वारा विश्व नृत्य दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘विश्व नृत्य दिवस समारोह’ संपन्न हुआ. आयोजन को कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के सहयोग से प्रस्तुत किया गया, जिसमें देशभर से आए कलाकारों एवं काफी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही. कार्यक्रम में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत झलक देखने को मिली. कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी जैसे शास्त्रीय नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट अभिव्यक्ति, भाव-भंगिमा, लय और ताल के माध्यम से मंच को जीवंत बना दिया, जिससे पूरा वातावरण कला और सौंदर्य से सराबोर हो उठा.
इस अवसर पर कोलकाता एवं दुर्गापुर से आये कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की गरिमा को और ऊंचाई प्रदान की. दुर्गापुर के ओडिसी नर्तक सोमनाथ पांडा ने ‘नव दुर्गा’ पर आधारित प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया. वहीं, कोलकाता दूरदर्शन से मान्यताप्राप्त भरतनाट्यम कलाकार दीपान मैत्रा ने ‘त्यागराजा कृति’ की प्रस्तुति से शास्त्रीय सौंदर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कोलकाता की कथक नृत्यांगना कौशानी कुंडू ने 16 मात्रा तीनताल, गणेश वंदना एवं ठुमरी प्रस्तुत कर दर्शकों ने सराहना की. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुजाता मित्रा एवं डॉ. अभिजीत मित्रा की उपस्थिति रही. समारोह के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी कलाकारों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया. साथ ही स्व. आशा भोसले के गीतों पर डैनफिट इंटरनेशनल के कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से श्रद्धांजलि दी. संस्था की नृत्य निदेशक मिष्टु मुखर्जी ने ‘शिव वंदना’ की प्रस्तुति दी.

You may have missed