Jamshedpur Exam 26 Ko : परीक्षा केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने पर रहेगी रोक
झारखंड पात्रता परीक्षा रविवार को, जिले के 93 केन्द्रों में पूर्वाह्न 10 से अपराह्न 1 बजे तक होगी परीक्षा
एक ही पाली में जिले के 39,265 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जमशेदपुर : झारखंड लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा रविवार, 26 अप्रैल को जिले के 93 परीक्षा केन्द्रों पर होगी. इसमें एक ही पाली में पूर्वाह्न 10 से अपराह्न 01 बजे तक होगा, जिसमें कुल 39,265 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सिदगोड़ा टाउन हॉल में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई. मौके पर उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर समेत अन्य प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. ब्रीफिंग में निर्देश दिया गया कि सभी केन्द्र पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दण्डाधिकारी परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम दो घंटे पूर्व अपने-अपने केन्द्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे.
उडऩदस्ता दण्डाधिकारियों को परीक्षा पूर्व एवं परीक्षा उपरांत प्रश्न पत्र एवं उत्तर पत्रक को सुरक्षित एवं ससमय रिसिव करने एवं जमा कराने का निर्देश दिया गया. प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सील पैकेट खोलने एवं बंद करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करने तथा परीक्षा अवधि में भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त राजीव रंजन ने कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन एवं विधि व्यवस्था संधारण तथा सुगम यातायात हेतु यातायात प्लान की पुनर्समीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिये. परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा. परीक्षा के सफल संचालन हेतु एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम राहुल जी आनंद जी, डीएसई आशीष पांडेय द्वारा भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आयोग के गाइडलाइन से अवगत कराया गया.
सभी केन्द्रों पर रखें पर्याप्त मेटल डिटेक्टर
एसएसपी पीयूष पांडेय ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए. सभी केन्द्रों पर पर्याप्त मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रवेश द्वार पर सघन जांच के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए. परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवैध जमावड़ा एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया. गर्मी के मद्देनजर उन्होने पुलिस पदाधिकारियों को डिहाइड्रेशन से बचाव हेतु आवश्यक उपाय करने के सुझाव दिए.
