Jamshedpur Tatanagar Station Me Signature Campaign : टाटानगर स्टेशन के बाहर लगेगा बोर्ड, रेल यात्री करेंगे हस्ताक्षर
ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में रेल यात्री संघर्ष समिति का अभियान रविवार को, पर्चा बांट मांगेंगे आंदोलन में समर्थन
जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से आगामी 26 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. इस संबंध में आज केबुल टाउन में बैठक हुई, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौजूद रहे. श्री राय ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के लिए 15-15 लोगों की टोलियां बनाई जाएं. ये टोलियां टाटानगर रेलवे जंक्शन के हर प्लेटफार्म पर जाएंगी. ये टोलियां हर आने-जाने वाले यात्रियों का फीडबैक लेंगी. इसके लिए पर्चा दी जाएगी, जिसमें क्यूआर कोड भी होगा. यात्री चाहें तो क्यूआर कोड को स्कैन करके अपनी बात रख सकते हैं. उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के बाहर एक सफेद बोर्ड लगाया जाएगा जिसमें यात्रियों के दस्तखत लिये जाएंगे. बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कई यात्री घाटशिला के होते हैं, लेकिन अधिकांश ट्रेनें घाटशिला में न रुक कर टाटानगर में ही रुकती हैं. ऐसे में अगर ट्रेन विलंब से टाटानगर पहुंचेगी तो यात्री को घाटशिला जाने में भी काफी विलंब होगा.
दूसरी ओर महानगर इकाई की बैठक हुई, जिसमें जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने आगामी 26 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर
इसे सफल बनाने की रणनीति बनाई. समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से सुबह 9.30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का आग्रह किया. बैठक में समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार समेत कुलविंदर सिंह पन्नू, अंजलि सिंह, संजय ठाकुर, दुर्गा राव, विजय सिंह आदि मौजूद थे. बैठक का संचालन राजीव कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया.
