गौ सम्मान अभियान के तहत 27 को एसडीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन
जमशेदपुर : गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान की शुरुआत की जा रही है. इस क्रम में ‘गौ सम्मान अभियान’ का शुभारंभ शहर में भी किया जाएगा. उक्त जानकारी शनिवार को गोलपहाड़ी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सुरेश लाल प्रसाद, विनय शर्मा व अन्य आयोजकों ने दी. उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत लौहनगरी में आगामी 27 अप्रैल को धालभूम अनुमंडल कार्यालय के समीप कार्यक्रम आयोजित होगा. इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौ भक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गौ रक्षा कानून लागू करने और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की जाएगी.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकार तक अपनी बात पहुंचाना ही नहीं, बल्कि समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है. इसके लिए विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क अभियान, सभाएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यह पहल किसी एक शहर या राज्य तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे राष्ट्रीय स्तर पर संचालित किया जाएगा. देशभर के अलग-अलग अनुमंडल कार्यालयों में एक साथ बड़ी संख्या में गौ भक्त एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपेंगे और केंद्र सरकार से ठोस कानून बनाने की मांग करेंगे.