Jamshedpur Gopal Maidan Me Ganga Narayan Singh Ki Jayanti : भूमिज समाज ने गंगा नारायण सिंह के संघर्ष व बलिदान को किया याद
पारंपरिक वेशभूषा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बुद्धिजीवियों के संबोधन से गूंजा गोपाल मैदान
जमशेदपुर : शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती पर बिष्टुपुर गोपाल मैदान में आयोजित समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा. यहां झारखंड सहित पश्चिम बंगाल, ओडि़शा और असम से भी काफी संख्या में समाज के लोग पहुंचे, जिससे पूरा मैदान पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंग में सराबोर नजर आया. समारोह में उपस्थित अतिथियों ने वीर शहीद गंगा नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया. इस अवसर पर समाज के कई बुद्धिजीवियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. कार्यक्रम के दौरान समाज की युवती एवं कलाकारों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया. विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया. पूरे आयोजन में भूमिज समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और एकता की अद्भुत झलक देखने को मिली.
इस अवसर पर पोटका के विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का संघर्ष समाज के स्वाभिमान की पहचान है. उन्होंने कहा कि एक समय उनके इतिहास को दबाने की कोशिश हुई, लेकिन आज समाज जाग चुका है और अपने महानायक को सम्मान दे रहा है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और समाज को संगठित रखने की अपील की. कहा कि भाषा और संस्कृति को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है और इस दिशा में विचार-विमर्श करने की जरुरत है.
आयोजन में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, पूर्व विधायक मेनका सरदार, सीदेश्वर सरदार, हरीश भूमिज, विभीषण सिंह भूमिज, सुदर्शन भूमिज, टाटा स्टील फाउंडेशन के संजय सरदार, शिव शंकर सिंह कांडेयोंग, डेमका सोय, गिरीश मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, मदन मुंडा, पश्चिम बंगाल के दीनबंधु सिंह, रामपदो सिंह, असम की जूली भूमिज और रिंकी भूमिज, राधेश्याम भूमिज, हरीश चंद्र सिंह भूमिज, राधे श्याम भूमिज, मदन सिंह मुंडा, संजय सरदार, रविन्द्र सरदार, ठाकुर दास सिंह, बिहारी लाल सरदार, बीरगुराम सरदार, हरदीपदो सिंह उपस्थित थे.
विधायकों ने भी दिया एकता और जागरूकता का संदेश
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का जीवन संघर्ष और स्वाभिमान की मिसाल है, जिससे हर युवा को प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज को एकजुट रखना चाहिए.
बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी में जागरूकता लाने का काम करते हैं.
घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और गंगा नारायण सिंह का इतिहास हमें संगठित होकर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है.
