सिदगोड़ा टाउन हॉल में होगा कार्यक्रम, झारखंड सहित बंगाल, ओडि़सा से भी पहुंचेंगे श्रद्धालु
जमशेदपुर : ‘बाराक द् गांस्पाल बैंड टीम’ के सौजन्य से सिदगोड़ा बिरसा मुंडा टाउन हॉल मैदान में आगामी 6 एवं 7 मई को दो दिवसीय आत्मिक जागृति सभा ‘ब्लेस झारखंड’ का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम प्रतिदिन संध्या 5.30 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक आयोजित होगा. उक्त आत्मिक सभा में नई दिल्ली से डॉ. महिमा अरुल थॉमस मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी, जो परमेश्वर के जीवित वचन के माध्यम से झारखंड राज्य के लिए आशीष का संदेश देंगी. वहीं पंजाब से प्रसिद्ध आराधक पास्टर शमी हंस अपनी टीम के साथ स्तुति एवं आराधना का नेतृत्व करेंगे, जो आत्मिक गीतों के जरिए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव कराएंगे. कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 7 मई को सुबह 9.30 बजे से अपराह्न 1 बजे तक पीएच चर्च, बागुननगर में झारखंड के सभी मसीही धर्मगुरुओं, लीडर्स, महिला लीडर्स एवं युवाओं के लिए विशेष सभा होगी. यह आयोजन झारखंड राज्य के सर्वांगीण विकास एवं प्रभु यीशु मसीह की विशेष आशीष प्राप्ति के उद्देश्य से किया जा रहा है. इसमें झारखंड के साथ-साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों से भी काफी संख्या में मसीही समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है. इस आयोजन में बाराक टीम के अलावा प्रेयर फ्लेम, पास्टर एवं लीडर्स फेलोशिप, क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन तथा वेलफेयर मिशन ऑफ इंडिया सह-आयोजक के रूप में योगदान दे रहा है. कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजन समिति के सदस्य भाई समीर, पास्टर शॉउल, पास्टर अल्फ्रेड, भाई टुडू सहित विभिन्न संस्थाओं के पास्टर एवं लीडर्स सक्रिय हैं. तैयारियों को लेकर हाल ही में पीएच चर्च परिसर में बैठक हुई, जिसमें सामूहिक प्रार्थना भी की गई.