Jamshedpur Palashbani Panchayat Allegations of Fake Caste Certificate : पलाशबनी पंचायत में फर्जी जाति प्रमाण-पत्र का आरोप
पंचायत समिति सदस्य पर कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर : जिले के पलाशबनी पंचायत में पंचायत समिति सदस्य पर फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर चुनाव जीतने का गंभीर आरोप सामने आया है. इस मामले को लेकर ग्राम सभा छोटा बांकी एवं बिरसा सेना के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है. ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2022 में अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट संख्या 67 से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य भारत राम लोहरा ने कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर चुनाव लड़ा और पद हासिल किया.
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई गंभीर बिंदु उठाए गए हैं. आरोप है कि भारत राम लोहरा इस क्षेत्र के मूल खतियानधारी नहीं हैं और उनके परिवार का स्थायी निवास भी यहां नहीं रहा है. इसके साथ ही, उनके द्वारा प्रस्तुत जाति प्रमाण-पत्र को नियमों के विरुद्ध जारी बताया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि झारखंड सरकार के प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जनजाति का लाभ लेने के लिए 6 सितंबर, 1950 से पूर्व का स्थायी निवास या 1964 के खतियान का आधार आवश्यक होता है, जो इस मामले में संदिग्ध प्रतीत होता है.
यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित जनप्रतिनिधि वास्तव में कुमार (EBC-1) श्रेणी से संबंध रखते हैं, न कि अनुसूचित जनजाति से. इसके अलावा, उनके खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले न्यायालय में लंबित होने तथा अवैध शराब निर्माण एवं सप्लाई में संलिप्तता के भी आरोप लगाए गए हैं.
प्रशासनिक भूमिका पर भी सवाल
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जाति प्रमाण-पत्र जारी करने में संबंधित राजस्व उप निरीक्षक एवं अंचल निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध है. आरोप है कि गलत जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रमाण-पत्र जारी किया गया, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है.
ग्रामीणों की मांग
ग्राम सभा और बिरसा सेना ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर भारत राम लोहरा का जाति प्रमाण-पत्र तत्काल रद्द किया जाए. साथ ही, उन्हें पंचायत समिति सदस्य पद से हटाने और उनके परिवार के नाम पर की गई सभी कथित अवैध जमीन बंदोबस्तियों को निरस्त करने की भी मांग की गई है.
कौन-कौन रहे उपस्थित
इस दौरान ग्राम प्रधान विद्याधर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुफल सिंह, दिनकर कच्छप, हरमोहन सिंह, पूजा कार्मकार, मीना लोहार, आशा लोहार, संकुतला करमाकार, पूर्णिमा कार्मकार, दुखू मार्डी, पूर्व मुखिया जगदीश सिंह, जय सिंह भूमिज, बसंती सिंह, बुद्धेश्वरी सिंह, रजनी सिंह, फुलमनी सिंह, बुधनी कर्मकार, कमला सिंह, अजय सिंह, ललटू सिंह, मंगल टुडू, सिमरन किस्कू, दिकू मुर्मू और उप मुखिया जोगेंद्र भगत समेत कई ग्रामीण मौजूद थे.

