Jamshedpur Crime : साकची संजय मार्केट में खूनी संघर्ष, ग्राहकों को लेकर भिड़े दुकानदार, युवक गंभीर
Sakchi Sanjay Market
Jamshedpur/Jharkhand : लौहनगरी के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्र साकची थाना क्षेत्र स्थित संजय मार्केट में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राहकों को अपनी ओर खींचने की होड़ में दो दुकानदार आपस में भिड़ गए, जिसके बाद हुई हिंसक मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद बाजार में कुछ घंटों तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा।
राजा मल्लिक और भाइयों पर हमले का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान राजा मल्लिक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मोहम्मद आसिफ और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में मोहम्मद आसिफ का भाई बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसे आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम (MGM) अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
साकची पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के आने से पहले स्थानीय प्रबुद्ध लोगों और अन्य दुकानदारों के हस्तक्षेप से स्थिति को कुछ हद तक शांत कराया जा चुका था। हालांकि, बाजार में इस घटना को लेकर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से प्रारंभिक पूछताछ की गई है। फिलहाल संजय मार्केट में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस की एक टीम मामले की तहकीकात कर रही है। साकची थाना पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : पूर्वी सिंहभूम को मिले 51 चारपहिया व 89 दोपहिया वाहन, और बेहतर होगी ड्यूटी
