सफेद बोर्ड पर होगा दस्तखत, क्यूआर कोड वाले पर्चे भी दिये जाएंगे
जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से रविवार को आयोजित होनेवाला हस्ताक्षर अभियान सुबह 10 बजे प्रारंभ होगा. रेल प्रशासन ने वाइट बोर्ड लगाने के लिए स्टेशन के मुख्य द्वार के दाहिनी तरफ (जहां रेलवे इंजन है) उससे 50 कदम पहले का स्थान हस्ताक्षर अभियान के लिए तय किया है. रविवार को भी श्री राय हस्ताक्षर अभियान में शामिल होंगे. उन्होंने रेल प्रशासन से सहयोग के लिए ट्वीट भी किया है.
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह, जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह 9.30 बजे से विभिन्न स्थानों से टाटानगर आनेवाले यात्रियों से उनका फीडबैक लिया जाएगा और वाइटबोर्ड पर हस्ताक्षर कराया जाएगा. उनसे उनकी यात्रा, ट्रेन कहां-कहां रुकी, ट्रेन किन कारणों से विलंब से पहुंची, इस संबंध में पूछा जाएगा. उन्हें एक पर्चा भी दिया जाएगा, जिसमें उक्त सवाल दर्ज होंगे. उस पर्चे में ही एक क्यूआर कोड भी छपा हुआ है. कोई चाहे तो ऑनलाइन उस क्यूआर कोड को स्कैन कर इस हस्ताक्षर अभियान से डिजिटली जुड़ सकता है. बताया कि रेलवे स्टेशन के जितने भी प्रवेश/निकास द्वारा हैं, वहां 15 लोगों का ग्रुप एक्टिव रहेगा और यात्रियों को पर्चा देगा, बात करेगा. ऐसे 10 समूह बनाए गए हैं. बताया कि यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी से होनेवाली परेशानियों से रेलवे के वरीय अफसरों को अवगत कराना ही हस्ताक्षर अभियान का उद्देश्य है.