Jamshedpur Sonari Me Samuhik Vivah : सामूहिक विवाह समारोह में 8 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
शिवलाल अखाड़ा से निकली बारात, आशीर्वाद देने पहुंचे कई गण्यमान्य लोग
जमशेदपुर : ट्रस्ट फॉर अवेयरनेस एंड रिक्रिएशन इन रूरल एरिया (तारा) द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह श्री भूतनाथ मंदिर परिसर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ. इसकी शुरुआत सोनारी स्थित शिवलाल अखाड़ा से हुई, जहां से आठों दूल्हे सुसज्जित वाहनों में गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर निकले. भूतनाथ मंदिर पहुंचने पर अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया. इसके बाद मंदिर प्रांगण में आयोजित वरमाला कार्यक्रम ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया. शांति निकेतन (अखिल विश्व गायत्री परिवार), हरिद्वार से आए प्रशिक्षित पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ सभी आठ जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया. पुरोहितों ने नवदंपतियों को आदर्श गृहस्थ जीवन के मूल्यों एवं कर्तव्यों की शपथ भी दिलाई.
समारोह में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, मंटू सिंह, झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया, भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, मनोज सिंह, अनिल मोदी, डीएसपी मनोज सिंह, हिंदू पीठ के संरक्षक अरुण सिंह, जम्बू अखाड़ा के अध्यक्ष बंटी सिंह, ट्रस्टी रवि ठाकुर, शीतल दास, संजय दुबे, ममता साहू, गब्बर ठाकुर, सुजीत वर्मा, कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य सोनू ठाकुर, सोनारी भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार एवं अखिल सिंह सहित अन्य लोग शामिल हुए. सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया. संस्था की ओर से प्रत्येक वधु को विदाई के समय गृहस्थी बसाने हेतु आवश्यक सामग्री तथा आभूषण प्रदान किया गया. इसके अलावा प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 2100-2100 रुपये नगद और मिठाई की टोकरी सगुन स्वरूप भेंट की गई.
