Jamshedpur Loyola School Telco Ka Prize Night : पुरस्कारों की रोशनी में जगमगाया लोयोला विद्यालय का प्रांगण
अलग अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवालों को मिला सम्मान
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल, टेल्को के जूनियर विंग में प्राइज नाइट का आयोजन उत्साह और भव्यता के साथ किया गया. इस अवसर पर नन्हे विद्याथिर्यों की प्रतिभा और उपलब्धियों का सम्मान करते हुए कार्यक्रम को यादगार बनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना से हुआ, जिसमें ईश्वर के आशीर्वाद की कामना की गई. इसके पश्चात स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को मधुरता और उल्लास से भर दिया. विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक एवं ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
इस अवसर की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज पूर्णिमा महतो की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया. कार्यक्रम में फादर माइकल धनाराज, फादर विनोद, फादर ऑस्कर, विद्यालय के प्राचार्या चरणजीत ओहसन एवं उप-प्राचार्यागण की उपस्थिति रही.
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अनुशासन बनाए रखने तथा समर्पण और विनम्रता के साथ उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि आज के ये छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य की बड़ी सफलताओं की नींव रखते हैं.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. प्रमुख पुरस्कार श्रेणियाँ इस प्रकार रही
उत्कृष्ट विद्यार्थी पुरस्कार, शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार, उल्लेखनीय सुधार पुरस्कार, परोपकारी विद्यार्थी पुरस्कार, श्रेष्ठ कहानीकार पुरस्कार, लिटिल स्टार पुरस्कार, शत-प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार आदि. इसके अतिरिक्त योग, शतरंज, कराटे, नृत्य, संगीत और कला जैसे सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया. रोमांच और उत्साह के बीच ‘ जूनियर मिस लोयोला/ जूनियर मिस्टर लोयोला ‘ की घोषणा की गई.
