June 17, 2026

Jamshedpur Zila Parishad Ki Baithak Me Paritosh Ne Uthaye Mudde : जिला परिषद की बैठक में पारितोष ने उठाए गोविंदपुर–घोड़ाबंधा के कई मुद्दे

IMG-20260429-WA0007

जलापूर्ति, शिक्षा, बिजली और बुनियादी ढांचे की समस्याओं पर जोर

जमशेदपुर : जिला परिषद की सामान्य बैठक में मंगलवार को विकास से जुड़ी अहम समस्याओं पर चर्चा हुई. बैठक में उपविकास आयुक्त (डीडीसी) समेत विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने गोविंदपुर और घोड़ाबंधा क्षेत्र की जनसमस्याओं को उठाते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की. उन्होंने पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कुल 9 महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने गोविंदपुर जलापूर्ति योजना से वंचित बस्तियों में पानी पहुंचाने, खराब पड़े करीब 20 जलमीनारों की मरम्मत और जले ट्रांसफार्मरों को बदलने की मांग की.
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने घोड़ाबंधा स्थित शहीद निर्मल महतो मध्य उच्च विद्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत और चार नए कमरों के निर्माण पर जोर दिया. वहीं पश्चिम छोटागोविंदपुर में आंगनबाड़ी केंद्र का टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की. बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए पुराने तार और पोल बदलने तथा नए ट्रांसफार्मर लगाने की जरूरत बताई. इसके अलावा ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बन रही सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की.
डॉ. सिंह ने दक्षिण मध्य छोटागोविंदपुर पंचायत भवन के लंबित निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने, छोटागोविंदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गोविंदपुर क्षेत्र में ही सुनिश्चित करने और टाटा पावर द्वारा सीएसआर के तहत नियुक्त शिक्षकों को हटाए जाने के मुद्दे को भी उठाया. साथ ही गोविंदपुर में वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे पार्क में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग भी की.

You may have missed