June 17, 2026

Jamshedpur Mango Elevated Coridor Ko Lekar Company Ko Mayor Ka Letter : एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण में उड़ रही धूल पर मेयर सख्त, कंपनी को दिए निर्देश

IMG-20260429-WA0008

जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में कालीमंदिर–डिमना चौक–बालीगुमा एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य के दौरान बढ़ती धूल की समस्या को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने एच जी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से धूल नियंत्रण के ठोस उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. मेयर ने अपने पत्र में कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और यातायात सुगमता के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण कार्य के कारण आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और राहगीरों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ने से सांस संबंधी दिक्कतें, दृश्यता में कमी और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने विशेष रूप से सुबह और शाम के समय धूल की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि इन घंटों में आवाजाही अधिक होने के कारण समस्या और विकराल हो जाती है.
मेयर ने सुझाव दिया कि पूरे निर्माणाधीन कॉरिडोर क्षेत्र में रोजाना कम से कम दो बार पानी का छिड़काव (सुबह और शाम) सुनिश्चित किया जाए. वर्तमान व्यवस्था के अलावा एक अतिरिक्त पानी टैंकर तत्काल लगाया जाए. जहां मिट्टी कटिंग, पाइलिंग और ड्रिलिंग कार्य हो रहा है, वहां बार-बार पानी का छिड़काव किया जाए और निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों को ढंककर चलाने और सड़क पर गिरे मलबे की नियमित सफाई की व्यवस्था हो. मेयर ने कंपनी से शीघ्र कार्रवाई कर नगर निगम को अनुपालन रिपोर्ट देने को कहा है.

You may have missed