हाता में निर्माणाधीन बस स्टैंड-मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्त हुए विधायक
पोटका : क्षेत्र में विकास योजनाओं की निगरानी को लेकर पोटका के विधायक संजीव सरदार लगातार सक्रिय हैं. इसी क्रम में उन्होंने हाता बिरसा चौक स्थित झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग से 4.50 करोड़ की लागत से बन रहे बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया और कार्यस्थल पर मौजूद संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के मुंशी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण में पाया गया कि परियोजना के तहत कुल 40 दुकानों का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है और शटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर शटर गलत तरीके से लगाए जा रहे थे. इस पर विधायक ने तत्काल सुधार का निर्देश दिया. वहीं छत के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने की समस्या भी सामने आई, जिसे ठीक करने के लिए कहा गया. निरीक्षण के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं को बेहतर बनाना है. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लगातार निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी कमी मिलेगी, वहां सुधार के निर्देश दिए जाएंगे. चेतावनी दी कि निर्देशों के बावजूद सुधार नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रखंड मुख्यालय में जनगणना और विकास कार्यों की समीक्षा
हाता में निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अंचलाधिकारी निकिता बाला और प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा के साथ बैठक की. इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी 14 मई से शुरू होनेवाली जनगणना को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई. विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा किया जाए. बैठक के बाद विधायक ने घंटों तक प्रखंड मुख्यालय में बैठकर दूर-दराज से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए. कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू कराई गई, जिससे लोगों को राहत मिली.