झारखंड में वोटर लिस्ट अभियान शुरू, घर-घर पहुंचेंगे BLO
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आंशिक रूप से भरे हुए गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) वितरित करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सहभागी और प्रत्येक चरण में ऑडिट के दायरे में रहेगी, साथ ही मतदाताओं के लिए अपील की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को इस चरण में कोई दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। जिन मतदाताओं का विवरण वर्ष 2003 के विशेष पुनरीक्षण के रिकॉर्ड से अभी तक मैप नहीं हुआ है, उन्हें जन्मतिथि के आधार पर अपनी जानकारी उपलब्ध करानी होगी। सभी पात्र नागरिकों के आवेदन के आधार पर 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और गैर-भारतीय श्रेणी में आने वाले नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) भी इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची के सत्यापन में उनकी भागीदारी अनिवार्य होगी। आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
