May 8, 2026

Kolhan University AIDSO Protest : कोल्हान विश्वविद्यालय की बदहाली पर छात्रों का ‘हल्लाबोल’: AIDSO ने कुलपति और उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

Kolhan University AIDSO Protest

कोल्हान विश्वविद्यालय की बदहाली पर छात्रों का 'हल्लाबोल': AIDSO ने कुलपति और उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

Chaibasa/Jharkhand : कोल्हान विश्वविद्यालय और पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में व्याप्त गंभीर शैक्षणिक समस्याओं के विरोध में सोमवार को छात्रों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) के बैनर तले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में विश्वविद्यालय के कुलपति (VC) और जिला उपायुक्त (DC) के नाम एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।

स्थापना काल से ही बुनियादी सुविधाओं का अभाव

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र प्रतिनिधियों ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के शुरुआती दौर से ही मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। इन बुनियादी समस्याओं के कारण हजारों छात्रों का भविष्य और उनकी नियमित पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अब तक इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस या सकारात्मक कदम नहीं उठाए हैं।

शिक्षकों की कमी और बुनियादी ढांचे में सुधार की मांग

ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के लिए विभिन्न मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि सभी कॉलेजों में पर्याप्त संख्या में स्थाई शिक्षकों और कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति की जाए। जब तक स्थायी बहाली नहीं होती, तब तक अतिथि शिक्षकों (Guest Faculty) की संख्या बढ़ाई जाए। सभी विभागों में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालयों की अनिवार्य व्यवस्था हो।पुस्तकालयों और प्रयोग शालाओं को अपडेट किया जाए। सिलेबस के अनुसार नई पुस्तकें, हाई-स्पीड इंटरनेट और लैब में आवश्यक उपकरण व स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

चांसलर पोर्टल का विरोध और निःशुल्क बस सेवा की मांग

छात्रों ने ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने चांसलर पोर्टल के माध्यम से होने वाले एडमिशन को बंद कर ‘प्रत्यक्ष नामांकन प्रणाली’ (Direct Admission) को पुनः लागू करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों के लिए सभी बसों में निःशुल्क यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

चेतावनी: राजभवन तक पहुंचेगी गूंज

AIDSO ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर अविलंब कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र संगठन पूरे कोल्हान क्षेत्र में व्यापक और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी भेजी गई है ताकि राज्य स्तर पर इस पर संज्ञान लिया जा सके। प्रदर्शन में डेविड तमसोय, शुभाशीष प्रधान, अजय प्रजापति, सुचित्रा बानरा, सगुन हांसदा, जतिन दास, पांडु सिंह खूंटीआ, रघुनाथ, खुशी गोप सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

You may have missed