स्टारलिंक पर भारत की ब्रेक! एलन मस्क के बड़े सपने को लगा झटका
भारत में करोड़ों लोगों तक सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाने का एलन मस्क का सपना फिलहाल अटकता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत सरकार ने स्टारलिंक की लॉन्च प्रक्रिया को धीमा कर दिया है और इसकी वजह सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सरकारी नियंत्रण से जुड़ी चिंताएं बताई जा रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, स्टारलिंक ने ईरान में भी इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई थी, जबकि वहां उसके पास आधिकारिक अनुमति नहीं थी। इसी मामले ने भारतीय अधिकारियों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं कि अगर भविष्य में कोई संवेदनशील स्थिति पैदा होती है, तो क्या भारत सरकार स्टारलिंक नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण रख पाएगी?
भारत पहले से ही डेटा स्टोरेज, नेटवर्क सुरक्षा और स्थानीय नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाता रहा है। सरकार चाहती है कि देश में काम करने वाली विदेशी टेक कंपनियां भारतीय कानूनों का पूरी तरह पालन करें। ऐसे में स्टारलिंक को लेकर अतिरिक्त सतर्कता दिखाई जा रही है।
हालांकि स्पेसएक्स ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि भारत सरकार के साथ उसकी बातचीत सकारात्मक और सक्रिय रूप से जारी है। कंपनी का दावा है कि मीडिया में आई कुछ खबरें अपुष्ट सूत्रों पर आधारित हैं और वास्तविक स्थिति इससे अलग है।
इस पूरे घटनाक्रम का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। स्टारलिंक स्पेसएक्स के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारों में से एक है और कंपनी के संभावित आईपीओ से पहले भारत जैसे विशाल बाजार में प्रवेश उसके लिए बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में भारत की ओर से किसी भी तरह की देरी निवेशकों और उद्योग जगत की नजरों में बड़ी खबर बन गई है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत और स्टारलिंक के बीच चल रही बातचीत किसी सकारात्मक नतीजे तक पहुंचती है या फिर एलन मस्क को दुनिया के सबसे बड़े इंटरनेट बाजारों में से एक में प्रवेश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
