टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा का निधन
जमशेदपुर : टाटा स्टील की सबसिडियरी कंपनी यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) ऋतुराज सिन्हा का अचानक रविवार को निधन हो गया. लगभग 55 वर्षीय ऋतुराज सिन्हा अपने घर पर थे. इसी दौरान उन्हें खून की उल्टी हुई, उन्हें तुरंत टीएमएच ले जाया गया जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. टाटा स्टील प्रबंधन ने घटना की पुष्टि की है. उनके निधन की सूचना मिले ही कंपनी के कई अधिकारी, टाटा वर्कर्स यूनियन के अधिकारी और रिश्तेदार टीएमएच पहुंच रहे हैं.
उपायुक्त ने टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि श्री सिन्हा सामाजिक कार्य एवं उद्योग जगत में महत्वपूर्ण योगदान देनेवाले व्यक्तित्व थे. उपायुक्त ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं संतप्त परिवारजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की है.
उनके निधन पर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक संजीव सरदार सहित कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों ने शोक जताया है. उनके पार्थिव शरीर को शीतगृह में रख दिया गया है, अंतिम संस्कार कल, सोमवार को पार्वती घाट में सुबह 9 बजे किया जाएगा. वे अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्र समेत भरापूरा परिवार छोड़ गये हैं. बताया जाता है कि ऋतुराज सिन्हा के घर पोते के जन्म की खुशी में शनिवार को परिजनों के बीच पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें सभी ने मिलकर खुशी मनाई थी. स्व. सिन्हा अपने मृदुस्वभाव के लिये शहर में जाने जाते थे.
