May 12, 2026

युगांतर भारती भव्य रुप से मनाएगा ‘स्वर्णरेखा महोत्सव’

IMG-20251228-WA0012

तीन दिनों तक रांची के नगड़ी में लगेगा मेला, होंगे कई आयोजन

जमशेदपुर : ‘युगांतर भारती’ के अध्यक्ष अंशुल शरण ने कहा कि 20वां स्वर्णरेखा महोत्सव का आयोजन धूमधाम से उद्गमस्थल रानीचुआ, नगड़ी, रांची में होगा. इस संबंध में तैयारी जोर शोर से चल रही है. यहां नगड़ी में तैयारी बैठक में शामिल होने आए श्री शरण ने कहा कि यह आयोजन 12 से 14 जनवरी, 2026 तक होगा. 12 जनवरी को विश्व युवा दिवस है. इस मौके पर चित्रांकन, निबंध और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. श्री शरण ने बताया कि 13 जनवरी को कृषि प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिक शामिल होंगे.
अंशुल शरण ने बताया कि मकर संक्रांति 14 जनवरी को है. इस दिन उद्गम स्थल पर भव्य नदी पूजन का आयोजन होगा. इसी दिन मेला भी लगेगा. 14 जनवरी को ही स्वर्णरेखा नदी का पूजन धुर्वा, 21 महादेव, हुंड्रू, जोहना, सिल्ली, चांडिल तथा दोमुहानी, जमशेदपुर में किया जाएगा. उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2026 में नदी अतिक्रमण के खिलाफ़ जबरदस्त आंदोलन चलाया जाएगा. नगड़ी में हुई बैठक में तपेश्वर केशरी को मेला समिति का अध्यक्ष चुना गया, जबकि विधायक सरयू राय मुख्य संरक्षक चयनित हुए. युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण मेला समिति के संरक्षक होंगे. तपेश्वर केशरी ने कहा कि समिति का विस्तार शीघ्र किया जाएगा. आयोजन वृहद होगा और इसमें राज्य भर से कई गणमान्य लोग शामिल होंगे. पहले यह महोत्सव एक ही स्थान पर होता था, अब यह महोत्सव 10 स्थानों पर होगा. बैठक में दौलत केशरी, बजरंग महतो, पंकज राय, बांदे उड़ाऊ, कुदुस अंसारी, संदीप राज, रवि केशरी, नंद किशोर महतो, ओम प्रकाश, सलीम अहमद आदि मौजूद रहे.

You may have missed