गोलमुरी न्यू केबुल टाउन में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ गुरुवार से
भव्य कलश यात्रा के साथ होगा नौ दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ, सैकड़ों महिलाएं होंगी शामिल
जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित होनेवाले श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है. लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति द्वारा उक्त नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होगा. आयोजन समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन अपराह्न 3 से रात्रि 8.30 बजे तक भजन, कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन होगा. प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा, झांकियों और प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश देंगे. यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है, जहां बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री अपने 21 सदस्यीय दल के साथ वैदिक अनुष्ठानों का संचालन करेंगे. साथ ही 108 देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमाओं से आयोजन स्थल को दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया है.
आयोजन समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा. यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी, जिसमें सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र उत्तरवाहिनी गंगाजल से भरे कलश के साथ श्रद्धालु शामिल होंगे. प्रेस वार्ता में श्री श्री 108 जयमंगला बाबा, अनिल ठाकुर, बिट्टू तिवारी, सत्येंद्र सिंह, योगी चौधरी, हरेराम यादव, प्रेम झा आदि मौजूद रहे.
केसरिया ध्वज से पटा क्षेत्र, आकर्षक विद्युत सज्जा भी
आयोजन समिति के बिट्टू तिवारी ने बताया कि आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को केसरिया ध्वज और मनमोहक विद्युत सज्जा से सजाया गया है. महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे. आगामी 1 मई को मुख्य यज्ञ, पूर्णाहुति और विशाल महाभंडारा होगा, 2 मई को रामार्चा पूजा एवं प्रसाद वितरण के साथ इस दिव्य आयोजन का समापन होगा.
