Jamshedpur Cultural Programme Moirang Vijay Divas : मोइरांग विजय दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोहा मन
बिष्टुपुर मिलानी हाल में नेताजी सुभाष मंच का कार्यक्रम
जमशेदपुर : नेताजी सुभाष मंच के तत्वावधान में द मिलनी हॉल में ‘मोइरांग विजय दिवस’ मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शेखर डे, विशिष्ट अतिथि झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति के अध्यक्ष बिकाश मुखर्जी, बंगाल क्लब के अध्यक्ष तापस मित्रा, महासचिव सौम्य सेन, बीएनटीसी नर्सिंग कॉलेज की संस्थापक सुष्मिता सोम खां, समाजसेवी अल्पना भट्टाचार्य, मंच के चेयरमैन विजय कुमार सिंह आदि उपस्थित थे. अतिथियों का स्वागत पी के नंदी ने किया.
अपने संबोधन मेंम शेखर डे ने कहा कि अप्रैल 1944 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज और जापानी सेना ने संयुक्त रूप से भारत के उत्तर-पूर्वी सीमांत, विशेषकर मणिपुर और नागालैंड क्षेत्र में ब्रिटिश साम्राज्यवाद के विरुद्ध आक्रमण किया था. मणिपुर के मोइरांग में हुए इस ऐतिहासिक युद्ध में ब्रिटिश सेना को पराजय का सामना करना पड़ा. 14 अप्रैल 1944 को कर्नल शौकत अली मलिक ने नेताजी के निर्देश पर मोइरांग में स्वतंत्र भारत की भूमि पर आजाद हिंद सरकार का राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
आज के कार्यक्रम की शुरुआत ‘मिलोनी सुरसरगम’ के उद्घाटन गीत से हुई, जिसका निर्देशन चैताली दास ने किया. इसके पश्चात डैनफिट इंटरनेशनल एवं गुरुकुल द्वारा नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसकी कोरियोग्राफी मिस्टु मुखर्जी ने की. भारत सेवा आश्रम स्कूल के छात्रों ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. प्रतिलेखा राय ने मोरंग विजय दिवस की गाथा को बताया. वाचिक मंजरी संस्था के सदस्यों ने कविता कोलाज प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का संचालन श्रीजा ने किया. कार्यक्रम में में झरना कर, संध्या प्रधान, असीम राय, कमल दास, चिन्मय प्रधान, सूरज तांती, सुजल घोष आदि उपस्थित थे.

