April 21, 2026

Jamshedpur Jugsalai Devsthaan Land Encroachment : जुगसलाई महतो पाड़ा में ग्राम देवस्थान पर कब्जे की कोशिश

IMG-20260418-WA0009

जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं ने जताया कड़ा विरोध

जमशेदपुर : जुगसलाई स्थित महतो पाड़ा में ग्राम देवस्थान की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है. यह जमीन खूँटकाठी रैयत खाजना युक्त बताई जा रही है, जो स्थानीय लोगों की पारंपरिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ी हुई है. मिली जानकारी के अनुसार कुछ स्थानीय व राजनीतिक लोगों द्वारा जबरन इस देवस्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. इस दौरान वंशानुगत रैयतदार पिंकी महतो के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. महतो पाड़ा के लोगों ने इस घटना को अपनी संस्कृति और अधिकारों पर सीधा हमला बताया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएककेएम) का प्रतिनिधिमंडल जुगसलाई थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
मोर्चा ने चेतावनी दी कि आदिवासी-मूलवासी समाज की आस्था, परंपरा और जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. संगठन ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने और ग्राम देवस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो, अंकित महतो, अनीता महतो, एकलव्य सिंह, खगेन महतो, लालचंद महतो, तपन महतो, अजय महतो, दिलीप महतो, सावन मुखी तथा कुड़मि छात्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सुमित महतो सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे.

You may have missed