कदमा में मनेगी रविन्द्रनाथ टैगोर व काजी नजरुल इस्लाम की जयंती
जमशेदपुर : सांस्कृतिक संस्था डैनफिट इंटरनेशनल एवं कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के तत्वावधान में आगामी 24 मई (रविवार) को कदमा में संध्या 6 बजे से ‘रवीन्द्र-नज़रुल जयंती बैठक़ी’ का सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा. उक्त आयोजन में पश्चिम बंगाल की दो महान विभूतियों गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर एवं विद्रोही कवि काज़ी नज़रुल इस्लाम की जयंती को समर्पित होगी. कार्यक्रम में साहित्य, संगीत, नृत्य एवं काव्य की अनुपम छटा दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी. आयोजन में रवीन्द्र नृत्य, नज़रुल नृत्य, एकल नृत्य प्रस्तुतियां तथा काव्य पाठ का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा. इस अवसर पर कोलकाता से आमंत्रित कलाकार देवलीना लाहिरी, अंशिका दास एवं धारित्री सिन्हा अपनी एकल नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष आयाम देंगी. आयोजकों के अनुसार उक्त आयोजन भारतीय कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है. कार्यक्रम में शहर के अनेक साहित्यकार, कलाकार, नृत्य प्रेमी एवं सांस्कृतिक हस्तियां उपस्थित रहेंगी. विशेष बात यह है कि इस भव्य सांस्कृतिक संध्या का प्रसारण कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के माध्यम से विश्व के 15 देशों में किया जाएगा.