कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. बुधवार को देर रात्रि भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेन्दु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस हमले में उनके चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद राज्य की राजनीति में भारी उबाल आ गया है और भाजपा ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस पर हमला करवाने का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, यह वारदात बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई. चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली सीधे कार की खिड़की से चलाई गई. हमले में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. भाजपा नेताओं ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है. भाजपा का कहना है कि विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है. हालांकि, टीएमसी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए घटना की निंदा की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. बंगाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
यह पूर्व नियोजित हत्या : सुवेंदु
घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और इसे “पूर्व नियोजित और ठंडे दिमाग से की गई हत्या” बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर पिछले दो-तीन दिनों से रेकी कर रहे थे. अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ हत्या नहीं बल्कि राजनीतिक आतंक फैलाने की साजिश है.
कौन थे चंद्रनाथ रथ?
चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी माने जाते थे. बताया जा रहा है कि वह पूर्व वायुसेना कर्मी भी रह चुके थे और हाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.