Jamshedpur Radiology Me AI Ka Use : रेडियोलॉजी में एआई का बढ़ता उपयोग, मरीजों को मिल रही बेहतर सुविधा
इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन द्वारा बिष्टुपुर में सेमिनार
जमशेदपुर : रेडियोलॉजी के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग से मैनेजमेंट और कार्यप्रणाली काफी आसान हो गई है, लेकिन यह मानव बुद्धिमत्ता का विकल्प नहीं बन सकता. उक्त बातें रविवार को बिष्टुपुर पीएम मॉल के एक होटल में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) द्वारा आयोजित सेमिनार में मुंबई से आईं विशेषज्ञ डॉ. मालिनी लवांडे ने कही.
उन्होंने कहा कि एआई वही कार्य करता है, जो उसे निर्देशित किया जाता है. इसके अतिरिक्त वह स्वयं कोई निर्णय नहीं लेता, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञों के कार्य को आसान और तेज बनाने में सहयोग करता है. एआई के उपयोग से रेडियोलॉजी में सटीकता और गति दोनों बढ़ी है. डॉ. मालिनी ने बताया कि वर्तमान समय में अल्ट्रासाउंड और एमआरआई की आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से शरीर की सूक्ष्म नसों तक का स्पष्ट अवलोकन संभव हो गया है. स्पष्ट किया कि एक्स-रे और सीटी स्कैन में रेडिएशन होता है, लेकिन इसकी मात्रा बेहद कम होती है, जिससे मरीजों पर कोई गंभीर प्रभाव नहीं पड़ता. वहीं, अल्ट्रासाउंड पूरी तरह सुरक्षित है, क्योंकि इसमें किसी प्रकार का रेडिएशन नहीं होता.
कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के एसएसपी पीयूष पांडे, सरायकेला-खरसावां जिले की एसपी निधि द्विवेदी तथा सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार, डॉ. देवेश बहादुर, डॉ. दीपक, आईआरआईए जमशेदपुर चैप्टर की अध्यक्ष डॉ. नीलम जैन, सचिव डॉ. अभिषेक जायसवाल, कार्यकारी सचिव डॉ. संदीप, डॉ. सुष्मिता रेणु, डॉ. संजय, डॉ. अभिलाष सहित कई गणमान्य चिकित्सक एवं सदस्य उपस्थित थे.
