Jharkhand Temperature Alert : झारखंड के पांच जिलों में पारा 42 के पार, डलटनगंज 43.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म
Jharkhand Temperature Alert
Ranchi : झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की दोहरी मार झेल रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ताजा मौसम रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के पांच प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस की लक्ष्मण रेखा को पार कर गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।
डलटनगंज में रिकॉर्ड गर्मी, चाईबासा और जमशेदपुर भी तपे
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो डलटनगंज 43.4 डिग्री सेल्सियस (अधिकतम 43.6 डिग्री तक) के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। इसके अलावा कोल्हान और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़े हैं। जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला तीनों ही स्थानों पर अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बोकारो में यह 42.1 डिग्री रहा। इन इलाकों में सुबह 10 बजे के बाद से ही लू का अहसास होने लगता है।
रांची में आंशिक राहत, लातेहार और गुमला रहे सबसे ठंडे
राजधानी रांची के निवासियों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। यहाँ अधिकतम तापमान 40 डिग्री से घटकर 38.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जिससे उमस और गर्मी में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, राज्य का सबसे ठंडा जिला लातेहार रहा, जहाँ पारा 34.6 डिग्री दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में सबसे कम 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
23 से 26 अप्रैल के बीच बारिश का ‘येलो अलर्ट’
प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की भविष्यवाणी भी की है। विभाग के अनुसार, 23 से 26 अप्रैल के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह और साहिबगंज में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रमुख शहरों का तापमान एक नज़र में
- डलटनगंज: अधिकतम 43.4°C | न्यूनतम 23.3°C
- जमशेदपुर: अधिकतम 42.4°C | न्यूनतम 25.6°C
- चाईबासा: अधिकतम 42.4°C | न्यूनतम 25.8°C
- बोकारो: अधिकतम 42.1°C | न्यूनतम 22.1°C
रांची: अधिकतम 38.6°C | न्यूनतम 22.8°C
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी
बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को ढक कर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या तरल पदार्थों का सेवन करें।
