झारखंड में वोटर लिस्ट अभियान शुरू, 29 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे BLO
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, जबकि मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अपात्र नामों की पहचान कर सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
निर्वाचन आयोग ने प्रवासी और अपने निवास स्थान से बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। ऐसे मतदाता ऑनलाइन माध्यम से अपने BLO से संपर्क कर इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। यदि कोई मतदाता स्वयं उपस्थित नहीं हो सकता, तो उसका पात्र परिजन भी उसकी ओर से फॉर्म भरकर जमा कर सकेगा। आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल रहे।
आधार पर 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। प्रारूप सूची से मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, डुप्लीकेट, लंबे समय से अनुपस्थित तथा गैर-भारतीय नागरिकों के नाम हटाए जाएंगे। निर्वाचन आयोग का कहना है कि यह अभियान आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
