राम मंदिर दान विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, पीएम से जवाब मांगा
अयोध्या के राम मंदिर में कथित दान गबन मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इस मामले को केवल वित्तीय अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए इसे “महापाप” करार दिया। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
पार्टी ने विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने, ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और ट्रस्ट की स्थापना से अब तक प्राप्त सभी दान की स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग भी उठाई। कांग्रेस का दावा है कि जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज केवल सीमित अवधि को दर्शाते हैं और कथित गड़बड़ियों का दायरा इससे कहीं अधिक बड़ा हो सकता है।
उधर, राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी की जांच के आधार पर अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि बरामद धनराशि कथित कुल गबन का केवल एक हिस्सा है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच आवश्यक है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है, जबकि जांच एजेंसियां मामले की आगे की पड़ताल में जुटी हैं।
