सरकार एसआईटी गठित कर या सीबीआई से कराएं पूरे प्रकरण की जांच
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया है कि जन्मदिन मनाने के बहाने से डेंटल छात्रा के साथ व्यभिचार करनेवालों और इसकी साजिश रचनेवालों को कड़ी सज़ा दिलाएंगे. श्री राय से इस मुद्दे पर उनकी बात हुई है. श्री राय ने कहा कि उनका मानना है कि इतना ही पर्याप्त नहीं है. इस मामले में पुलिस की भूमिका एक छात्रा के साथ व्यभिचार करनेवालों को सजा दिलाने तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए. इस मामले में पुलिस को जांच के क्षेत्र का विस्तार करना चाहिए.
श्री राय ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि रांची के जिस शैक्षणिक क्षेत्र में यह नृशंस घटना घटी, उस क्षेत्र में ऐसे कारनामे को अंजाम देनेवाला एक संगठित गिरोह काम कर रहा है जो छात्राओं को विविध प्रकार से फंसाता है और एक बार कोई लडक़ी फंस जाती है तो उसे चारा बनाकर यह गिरोह अन्य लड़कियों को फांसता है. इस मामले में ओली विश्वकर्मा नामक जो लडक़ी ने जन्मदिन मनाने के बहाने पीडि़ता को घटनास्थल पर ले गई थी वह भी इसी प्रकार इस जालसाज़ गिरोह के चक्कर में फंसी थी और अब इस गिरोह के लिए काम कर रही है. ऐसी लड़कियों की बड़ी संख्या है जो इस गिरोह का शिकार बन चुकी है. पुलिस को अबतक जितनी लड़कियां इस गिरोह का शिकार हो चुकी हैं उन सबको न्याय दिलाना चाहिए. सरकार गहन जांच के लिए या तो एसआईटी गठित करे या जांच को सीबीआई के हवाले कर दे.