May 8, 2026

सीमावर्ती क्षेत्र, होटल, चेकपोस्टों पर चलाएं जांच अभियान

IMG-20260203-WA0000

प्रवर्तन एजेंसियों के साथ उपायुक्त की बैठक, निष्पक्ष चुनाव कराने के दिये निर्देश

जमशेदपुर : नगरपालिका चुनाव के मद्देनजऱ जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय एवं समीक्षा बैठक हुई. बैठक में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए गए. बैठक में पुलिस प्रशासन, आयकर, रेलवे, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि, आबकारी विभाग, परिवहन विभाग, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकद राशि, उपहार, घरेलू या इलेक्ट्रॉनिक सामान, शराब, कूपन, निर्माण सामग्री अथवा किसी भी प्रकार की फ्रीबीज़ का वितरण राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्णत: प्रतिबंधित है.

उपायुक्त ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि चुनाव अवधि के दौरान असामान्य नकद निकासी या जमा, अचानक बड़ी राशि का खाते से खाते में ट्रांसफर, निष्क्रिय अथवा नए खातों में संदिग्ध लेन-देन, एक व्यक्ति अथवा समूह द्वारा अनेक खातों से समन्वित वित्तीय गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए. प्रवर्तन एजेंसियों को सीमावर्ती क्षेत्रों, रेलवे, चेक पोस्टों, होटलों, लॉज, गोदामों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर नियमित छापेमारी एवं सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. अवैध नकदी, शराब अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री की बरामदगी की स्थिति में तत्काल जब्ती एवं प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया. उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक प्रचार, पेड न्यूज, फर्जी समाचार तथा डिजिटल माध्यमों से अवैध भुगतान पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. इसके लिए संबंधित आईटी एवं निगरानी इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए.

You may have missed