वैदिक अनुष्ठान और संगीतमय कथा से भक्तिमय हुआ वातावरण
न्यू केबुल टाउन में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के चौथे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब
जमशेदपुर : गोलमुरी न्यू केबुल टाउन में चल रहे श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के चौथे दिन रविवार को आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला. आज पंचकुंडीय यज्ञशाला में बनारस से आये यज्ञाचार्य पंडित लाल मोहन शास्त्री के नेतृत्व में 21 सदस्यीय आचार्यों की टोली ने विधि-विधानपूर्वक वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया. वैदिक परंपरा के अनुरूप दैनिक पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश पूजन एवं वेदी पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं की सहभागिता से हवन अनुष्ठान सम्पन्न हुआ. संध्याकाल में बनारस से पधारे कथावाचक डॉ. मनोज मिश्रा दाऊजी, बक्सर से आए हलचल बाबा तथा वृंदावनधाम से आये हिमांशु जी महाराज ने संगीतमय कथा प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया.
कथावचक पंडित लाल मोहन शास्त्री ने कहा कि बिना सत्संग के मनुष्य के भीतर विवेक का उदय संभव नहीं है और बिना प्रभु श्रीराम की कृपा के सत्संग की प्राप्ति भी दुर्लभ है. उन्होंने कहा कि राम कृपा का महात्म्य अनंत है, और जिस जीवन में सत्संग, संस्कार और श्रद्धा का संगम होता है, वही जीवन वास्तव में सार्थक बनता है. महायज्ञ एवं कथा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, वरिष्ठ पत्रकार उत्तम नाथ पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, शिक्षिका डॉ. अनिता शर्मा, भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह, भाजपा जिला महामंत्री राजीव सिंह, ब्रह्मर्षि विकास मंच के अध्यक्ष रामनारायण शर्मा, सुधीर सिंह, मुकेश शर्मा, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जसबीर सिंह सिरे, मनीष सिंह, मुन्ना चौबे, बिनोद कुमार सिंह, प्रकाश दुबे समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
