June 30, 2026

यूपी बनेगा सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब, ₹8,200 करोड़ का बड़ा दांव

1782364822-8045

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी परियोजना की आधारशिला रखी। SAEL की ओर से करीब ₹8,200 करोड़ की लागत से बनने वाली यह अत्याधुनिक सोलर सेल और मॉड्यूल निर्माण इकाई राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ भारत की घरेलू सोलर सप्लाई चेन को भी मजबूत करेगी। करीब 200 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना की कुल क्षमता 10 गीगावॉट होगी।

इस एकीकृत संयंत्र में 5 गीगावॉट सोलर सेल और 5 गीगावॉट सोलर मॉड्यूल का निर्माण किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यहां अत्याधुनिक TOPCon तकनीक आधारित उच्च दक्षता वाले सोलर उत्पाद बनाए जाएंगे। परियोजना से लगभग 20,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अगले दो से तीन वर्षों में 20 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि जेवर आने वाले समय में देश का प्रमुख सोलर मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत राज्य के छह लाख से अधिक परिवारों के बिजली बिल में 60 प्रतिशत तक की कमी आई है, जो सौर ऊर्जा के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर क्षेत्र में सोलर उद्योग के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, फिल्म सिटी, अपैरल सिटी, टॉय पार्क और विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय भी विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, SAEL के सह-संस्थापक सुखबीर सिंह ने घोषणा की कि कंपनी वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश में अपना कुल निवेश बढ़ाकर ₹20,000 करोड़ करने की योजना बना रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना भारत को सौर ऊर्जा निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।