महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां व पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ हुईं शामिल
जमशेदपुर : महिला आरक्षण बिल के समर्थन में ‘नारी शक्ति वंदन पदयात्रा’ निकाली गई, जिसका नेतृत्व विधायक पूर्णिमा साहू ने किया. एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल के समीप दुर्गा पूजा मैदान से शुरू हुई पदयात्रा भालूबासा हरिजन स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई. महिलाओं ने हाथों में महिला सशक्तिकरण और अधिनियम से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर समर्थन जताया. पदयात्रा में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली, जहां कई महिलाएं पारंपरिक वाद्ययंत्रों व परिधानों में शामिल हुईं. भालूबासा हरिजन स्कूल मैदान में उक्त अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया.
मौके पर विधायक ने कहा कि यह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का ऐतिहासिक क्षण है, जब महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है. अधिनियम के लागू होने से संसद में महिलाओं की भागीदारी 13.63 प्रतिशत से बढक़र 33 प्रतिशत हो जाएगी. पदयात्रा में कल्याणी शरण, मीरा मुंडा, पार्षद कुसुम पूर्ति, रूबी झा, रीना चौधरी, नीलु मछुआ, संध्या सिंह, मीरा सिंह, संजना साहू, अंजली सिंह, बिमला साहू सहित कई महिलाएं शामिल हुईं.