जिला नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की रोकथाम तथा जागरूकता अभियान को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण एवं रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई. बैठक में निर्देश दिया गया कि मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े मामलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए तथा बागबेड़ा, जुगसलाई, बर्मामाइंस सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए. पुलिस एवं उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने तथा सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने को कहा गया.
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही नशा मुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी बल दिया गया. बैठक में निर्देश दिया गया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित करें.
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सके. नागरिक ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर जरूर दें ताकि कार्रवाई की जा सके.