कार्यकारिणी बैठक में लिये गये कई निर्णय, वर्षभर का कार्यक्रम कैलेंडर तैयार
जमशेदपुर : सामाजिक संस्था ‘सहयोग’ के सदस्यों की बैठक वरिष्ठ संरक्षक शंकुतला पाठक की अध्यक्षता में हुई, जिसमें संस्था की गतिविधियों, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए. निर्णय लिया गया कि कल, 15 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2026 तक सदस्यता शुल्क जमा कर पुराने सदस्य पुन: पंजीकरण करा सकेंगे. वहीं नए सदस्य भी संस्था से जुड़ सकेंगे. इसके लिए शुल्क सहयोग के बैंक खाते में जमा करना होगा. कार्यकारिणी समिति के पुनर्गठन को लेकर भी चर्चा हुई. विभिन्न पदों के लिए नाम प्रस्तावित किए गए, जिन पर अंतिम मुहर मई के प्रथम सप्ताह में आयोजित होनेवाली आम सभा में लगेगी. तय किया गया कि नवगठित कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्षों का होगा.
बैठक में निर्णय लिया गया कि जून माह में सहयोग के सदस्यों द्वारा वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रस्तुतियां भी सदस्य स्वयं देंगे. साथ ही पूरे वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई. संस्था की प्रेरणा स्रोत डॉ. वीणा रानी श्रीवास्तव की जयंती आगामी 2 अगस्त को मनाने का निर्णय लिया गया. सक्रिय रूप से कार्यक्रमों में भाग लेनेवाले सदस्यों को सम्मानित करने की भी घोषणा की गई. बैठक में डॉ. स्नेहलता सिन्हा, शंकुतला पाठक, कृष्णा सिन्हा, डॉ. रागिनी भूषण, डॉ. लक्ष्मी झा, विद्या तिवारी, सुधा गोयल, डॉ. जूही समर्पिता, डॉ. मुदिता चन्द्रा, डॉ. संध्या सिन्हा, डॉ. माधुरी मिश्रा, डॉ. भारती कुमारी, डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. अनिता शर्मा, डॉ. शालिनी प्रसाद सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.