May 9, 2026

साकची रविन्द्र भवन में भव्य पुस्तक मेला 14 से 23 तक

IMG-20251112-WA0003

बंगला, हिन्दी, अंग्रेजी, ऊर्दू, संताल भाषाओं के 67 प्रकाशक आएंगे शहर

जमशेदपुर : टैगोर सोसायटी की ओर से साकची रविन्द्र भवन में आयोजित होनेवाले भव्य पुस्तक मेला का शुभारंभ आगामी 14 नवंबर को होगा. आगामी 23 नवंबर तक चलनेवाले उक्त मेले का उद्घाटन नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) के निदेशक डा. गौतम सूत्रधर करेंगे. मौके पर अन्य अतिथि के रुप में अरका जैन यूनिवर्सिटी के निदेशक डा. अमित कुमार श्रीवास्तव शामिल होंगे. उक्त जानकारी आज रविन्द्र भवन में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सोसायटी के महासचिव आशीष चौधुरी ने दी.
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी कुल 67 प्रकाशक शहर आएंगे, जिसके लिये लगभग 200 स्टाल लगाये जाएंगे. इसमें हिन्दी, बंगला, अंग्रेजी, संताल, ऊर्दू आदि के प्रकाशक शामिल होंगे. यह मेला सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना अपराह्न 2 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक तथा शनिवार व रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक खुला रहेगा. यहां आनेवाले लोगों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी, गार्ड आदि बहाल किये जाएंगे. अग्निशमन विभाग से भी मदद ली जाएगी.
श्री चौधुरी ने बताया कि विद्यार्थियों में पुस्तक के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिये सभी स्कूली विद्यार्थियों का प्रवेश नि:शुल्क कर दिया गया है. इस हेतु शहर के विभिन्न स्कूलों में लगभग 35 हजार कूपन वितरित किये गये हैं. बच्चों को स्कूली ड्रेस व उनके साथ शिक्षक का होना जरुरी है. अन्य लोगों के लिये प्रवेश शुक्ल मात्र 10 रु. निर्धारित है, जबकि सभी पुस्तकों में 10 प्रतिशत की छूट शहरवासियों को दी जाएगी. पत्रकार सम्मेलन में सोसायटी के अध्यक्ष डा. एच एस पॉल, सहायक महासचिव सुदीप बासु, पुस्तक मेला कमिटी के चेयरमैन शांतनु चक्रवर्ती व टैगोर स्कूल ऑफ आर्टस के इंचार्ज जयदेव घोष मौजूद थे.

सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुस्तक विमोचन भी होंगे
आयोजकों ने बताया कि 10 दिनों तक चलनेवाले पुस्तक मेला में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें हिन्दी सेमिनार तथा 20 नवंबर को टैगोर सोसायटी के बच्चों द्वारा नृत्य व गीत होंगे. साथ ही 17 नवंबर को पीके नंदी द्वारा नेताजी की जीवनी पर लिखित पुस्तक व 18 नवंबर को सतीश मिशा द्वारा सुंदरवन व टाइगर प्रोजेक्ट पर लिखित पुस्तक का विमोचन किया जाएगा.

You may have missed