Jamshedpur Taksh Patna junior Masters Golf Cup : शहर के तक्ष ने जीता पटना जूनियर मास्टर्स गोल्फ कप
जमशेदपुर : लौहनगरी के उभरते युवा गोल्फर तक्ष पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना जूनियर मास्टर्स गोल्फ कप का खिताब अपने नाम कर लिया. यह प्रतियोगिता आईजीयू ईस्ट जोन जूनियर फीडर टूर के दूसरे चरण के रूप में 18 से 19 अप्रैल तक पटना गोल्फ क्लब में आयोजित की गई. टूर्नामेंट से पहले 17 अप्रैल को अभ्यास सत्र रखा गया था, खराब मौसम के बावजूद 30 से अधिक जूनियर खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया. तक्ष पांडेय ने ‘सी बॉयज कैटेगरी’ में पहला स्थान हासिल किया, वहीं, ध्रुव डी. पटोदिया दूसरे और प्रलक्ष प्रलेया तीसरे स्थान पर रहे. तक्ष की यह जीत उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम मानी जा रही है.
तक्ष पांडेय लोयोला स्कूल के सातवीं कक्षा के छात्र हैं. उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रिंसिपल फादर विनोद फर्नांडीज एसजे ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. तक्ष के पिता हर्ष पांडेय जमशेदपुर न्यायालय में अधिवक्ता हैं, जबकि उनके दादा सुधीर कुमार पांडेय शहर के प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में गिने जाते हैं. दादा के अनुसार, तक्ष पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाकर चलते हैं और बेहद अनुशासित हैं. तक्ष की इस उपलब्धि से पांडेय परिवार और शहर में खुशी का माहौल है. तक्ष पांडेय की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जमशेदपुर का नाम रोशन किया है.
