June 22, 2026

Jamshedpur Workers College Pe Pluster Gira : जर्जर भवन से खतरा बढ़ा, वर्कर्स कॉलेज में गिरती छत ने बढ़ाई चिंता

IMG-20260503-WA0003

जदयू नेता हेमंत पाठक का आरोप : प्रबंधन की लापरवाही उजागर, कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर : जमसेदपुर वर्कर्स कॉलेज में शनिवार दोपहर बारिश के बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कॉलेज के ए ब्लॉक के मुख्य द्वार पर छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. उस समय वहां से छात्र और शिक्षक आ-जा रहे थे, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रही. घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन और कोल्हान विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. युवा जेडीयू नेता हेमंत पाठक ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि कॉलेज में इस तरह की घटनाएं अब आम हो गई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हर महीने प्लास्टर गिरने और भवन के हिस्से टूटने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि पहले भी इन समस्याओं के खिलाफ छात्रों ने हेलमेट पहनकर क्लास कर विरोध प्रदर्शन किया था. उस समय जांच के लिए टीम आई, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. अब एक महीने के भीतर फिर से ऐसी घटना सामने आना प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है. हेमंत ने आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर केवल पैसों का दुरुपयोग हो रहा है. उन्होंने कोल्हान विश्वविद्यालय से मांग की कि जल्द से जल्द नया भवन बनाया जाए. साथ ही कॉलेज में पढऩे वाले छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए जीवन बीमा की व्यवस्था करने की भी मांग की. इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है. मौके पर हेमंत पाठक के साथ साहेब बागती, मंटु सतुआ, राहुल कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.