Ranchi MOU Between Jharkhand Goverment And Indian Bank : राज्य के विकास में सहयोगी की भूमिका निभाएं बैंक : सीएम
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हजारों कर्मियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं इंडियन बैंक के बीच आज हुए समझौता ज्ञापन का लाभ वर्तमान समय में एनएचएम सहित स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे हजारों कर्मियों को मिलेगा. स्वास्थ्य कर्मियों के लिए यह एमओयू एक अत्यंत उपयोगी और लाभकारी पैकेज है. इससे स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल अवश्य बढ़ेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के खतरेवाले क्षेत्रों में कार्य करना पड़ता है और वे बड़े जोखिम उठाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में उनका बीमा और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होना आवश्यक है, ताकि वे निर्भीक होकर अपना कार्य कर सकें. मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से इंडियन बैंक के साथ हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत आने वाले पैकेज का लाभ लेकर एनएचएम स्वास्थ्य कर्मी खुशी और मजबूती के साथ अपना योगदान देंगे.
प्रत्येक क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था का विस्तार आवश्यक
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आनेवाले समय में डिजिटल व्यवस्था के विस्तार के साथ बैंकिंग सेवाओं से न केवल सरकारी कर्मचारी, बल्कि श्रमिक वर्ग भी व्यापक रूप से जुड़ेगा. ऐसी स्थिति में बैंकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफ़ान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, इंडियन बैंक एमडी-सीईओ बिनोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे.
