Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला को लेकर ‘अलर्ट मोड’ में देवघर प्रशासन, आयुक्त ने कांवड़िया पथ का लिया जायजा; हाई-टेक होंगी व्यवस्थाएं
Shravani Mela 2026
Deoghar : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन अभी से तैयारियों में जुट गया है। शनिवार को तैयारियों की जमीनी हकीकत परखने के लिए संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार खुद मैदान में उतरे। उन्होंने देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ के साथ कांवड़िया पथ, रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स और बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव बनाना लक्ष्य : आयुक्त
निरीक्षण के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि बाबाधाम आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज से पैदल जल लेकर आने वाले कांवड़ियों के लिए सभी आवश्यक बुनियादी ढांचे को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाएगा, ताकि वे यहां से एक सुखद अनुभव और सकारात्मक संदेश लेकर अपने गंतव्य को लौटें।
क्यूआर कोड से दूर होगी शिकायत, हेड काउंटिंग मशीन से होगी सुरक्षा
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने मेले के आगामी प्रारूप पर चर्चा करते हुए बताया कि आयोजन में अभी तीन माह का समय शेष है। इस बार प्रशासन तकनीक का बेहतर उपयोग करने जा रहा है। डिजिटल शिकायत निवारण: पिछले अनुभवों की तर्ज पर इस वर्ष भी क्यूआर कोड (QR Code) के माध्यम से श्रद्धालुओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा। हाई-टेक सुरक्षा: भीड़ प्रबंधन को सटीक बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क बढ़ाया जाएगा और पहली बार हेड काउंटिंग मशीन (Head Counting Machine) का बड़े पैमाने पर उपयोग होगा। यातायात प्रबंधन: मेले के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए एक विशेष प्लान तैयार किया गया है।
नए ‘शीघ्र दर्शन’ रूट पर मंथन
मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए तैयार किए जा रहे नए रूट पर हो रहे विरोध को लेकर उपायुक्त ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि पंडा धर्म रक्षिणी सभा, सरदार पांडा और जिला प्रशासन के बीच गहन विचार-विमर्श के बाद ही इस कार्य का प्रारूप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा विरोध की बात सामने आई है, लेकिन श्रद्धालुओं के हित को ध्यान में रखते हुए श्रावणी मेले से पूर्व नया रूट तैयार कर लिया जाएगा।
निरीक्षण में अधिकारियों का दल रहा मौजूद
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान एसपी सौरभ, एसडीओ रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद थे। आयुक्त ने कांवड़िया पथ पर बालू बिछाने, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को डेडलाइन के भीतर काम पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है।

