April 15, 2026

Palamu Student Death: पलामू में मातम में अर्धनिर्मित ओवरब्रिज से स्कूटी सहित नीचे गिरा छात्र, मौके पर ही थमीं सांसें

Palamu Student Death

Palamu Student Death

Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ नेशनल हाईवे पर बन रहे एक अधूरे ओवरब्रिज पर जन्मदिन की पार्टी मनाना एक किशोर के लिए काल बन गया। जश्न के दौरान स्कूटी सहित ब्रिज से नीचे गिर जाने के कारण 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

चचेरी बहन का था जन्मदिन, पार्टी के दौरान हादसा

मृतक की पहचान पांकी रोड पोखराहा निवासी अमन उरांव (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम अमन अपनी चचेरी बहन का जन्मदिन मनाने के लिए अपने पाँच दोस्तों के साथ चियांकी स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर गया था। दोस्तों के समूह में लड़के और लड़कियाँ दोनों शामिल थे।

hemkund-public-school

स्कूटी चलाना नहीं जानता था अमन

मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में मृतक के बड़े भाई चुन्नू उरांव ने बताया कि अमन को स्कूटी चलानी नहीं आती थी। पार्टी के दौरान एक दोस्त ने उसे स्कूटी चलाने के लिए दे दी। जैसे ही अमन ने स्कूटी आगे बढ़ाई, वह संतुलन खो बैठा और अधूरे ओवरब्रिज के खुले हिस्से से सीधे नीचे जा गिरा। ऊँचाई से गिरने और गंभीर चोट लगने के कारण अमन की जान चली गई।

घर में पसरा सन्नाटा, सबसे छोटा था अमन

अमन अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा और सबका लाडला था। घटना के वक्त उसके पिता अर्जुन उरांव बनारस में काम के सिलसिले में गए हुए थे, जबकि माँ सतबरवा में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर के सबसे छोटे सदस्य की अचानक मौत की खबर ने माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार सुबह 10 बजे MMCH में शव का पोस्टमार्टम किया गया।

फ्लाईओवर की सुरक्षा पर उठे सवाल

सदर थाना प्रभारी लाल जी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जाँच में यह मामला असावधानी के कारण हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पांच बच्चे जन्मदिन मनाने फ्लाईओवर पर गए थे। इसी दौरान स्कूटी सहित गिरने से किशोर की मौत हो गई। पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। इस घटना ने नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण यहाँ पहले भी खतरे की स्थिति बनी रहती है। फिलहाल, पुलिस दोस्तों के बयान और घटनाक्रम की कड़ियाँ जोड़ने में जुटी है।

You may have missed